स्वास्थ्य निदेशालय की टीम ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में डेढ़ साल से बने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन सेंटर (आईवीएफ) का सोमवार को स्वास्थ्य निदेशालय की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने आईवीएफ सेंटर के अंदर लगी सभी मशीनों के बारे में जानकारी प्राप्त की और रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी। पत्र के अनुसार टीम 23 सितंबर को आने वाली थी लेकिन किसी कारणवश स्थगित कर दिया था। अब जल्द ही रिपोर्ट के आधार पर मंजूरी मिलने के बाद आईवीएफ सेंटर को शुरू कर दिया जाएगा।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के डीन डॉ. अनिल कुमार पांडे ने बताया कि आईवीएफ सेंटर को बने हुए करीब डेढ़ साल से ऊपर हो गया है। इस सेंटर में महिला व पुरुष दोनों का उपचार होगा। इसमें आधुनिक तकनीक के उपकरणों का प्रयोग कर उपचार किया जाएगा। इसमें लेजर तकनीक से महिलाओं का उपचार किया जाएगा। जिसके लिए मरीजों को बाहर लाखों रुपये देने होते हैं। वहीं बीमाकृत व्यक्तियों को यह सुविधा अस्पताल में फ्री में मिलेगी।
डॉ. ए के पांडे ने बताया कि 30 सितंबर को टीम ने आईवीएफ सेंटर का निरीक्षण किया। टीम में चेयरपर्सन एडीसी के साथ सीएमओ वाइस चेयरपर्सन, पीएनडीटी के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी सचिव, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, महिला रोग विशेषज्ञ तथा जिला न्यायवादी बतौर सदस्य शामिल थे। उन्होंने बताया कि टीम की ओर से उनको काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। उच्च अधिकारियों की ओर से मंजूरी मिलने के बाद आईवीएफ सेंटर को शुरू कर दिया जाएगा। अभी अस्पताल में 40 मरीजों का आईवीएफ के तहत उपचार किया जा रहा है।