100 अभ्यर्थियों ने मंगलवार तक कराई दस्तावेजों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दूसरी मेरिट सूची में आवंटित अभ्यर्थियों की दस्तावेज जांच की अंतिम तारीख मंगलवार को समाप्त हो गई। आईटीआई पांच नंबर स्थित आईटीआई में 73 अभ्यर्थियों ने दाखिले लिए। वहीं, शहर के अन्य संस्थानों में देर शाम तक करीब 100 अभ्यर्थियों ने दाखिले के लिए दस्तावेजों की जांच कराई। वहीं, बुधवार तक फीस जमा कराई जा सकती है। जिले की महिला-पुरुष आईटीआई में दूसरे चरण में 300 सीटें अलॉट हुईं थीं।
पहली मेरिट सूची में राजकीय पुरुष आईटीआई में 177 सीटों पर और महिला आईटीआई में 55 सीटों पर दाखिले हुए थे। वहीं, पांच नंबर आईटीआई में दूसरी मेरिट सूची में 175 सीट आवंटित हुई हैं। इनमें से मात्र 73 अभ्यर्थियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर ऑनलाइन फीस भरी हैं। बुधवार को ऑनलाइन फीस जमा कराने की अंतिम तारीख है। अन्य संस्थान में करीब 100 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। जो दस्तावेज का सत्यापन करा चुके हैं, वह 12 जुलाई तक फीस जमा करा सकेंगें। जिन विद्यार्थियों के नाम सीट आवंटित हुई हैं, उन्हें आईटीआई के शिक्षकों द्वारा फोन कर बुलाया भी जा रहा है। वह संस्थान में आकर दस्तावेजों का सत्यापन व फीस जमा कराकर दाखिला ले सकें। आईटीआई एनआईटी पांच के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि जिन छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन हो चुका है। वह बुधवार को भी ऑनलाइन फीस जमा करा सकते है।
दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल
आईटीआई में दूसरी मेरिट सूची के तहत 12 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। आईटीआई को 13 जुलाई को रिक्त पदों की जानकारी देनी होगी। 18 जुलाई को तीसरी मेरिट सूची जारी होगी। इसमें 22 जुलाई तक फीस जमा करानी होगी। इसके बाद संस्थानों में रिक्त सीटों की जानकारी 24 जुलाई तक देनी होगी।