जिले में 21 ट्रेड में 2274 सीटों पर दिए जाएंगे दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से जिले के सरकारी और गैर सरकारी आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी आईटीआई में हेल्प डेस्क तैयार की गई हैं। 21 ट्रेड में 2274 सीटों पर दाखिले होंगे। 20 जून तक विभागीय वेबसाइट www.admission.itihar yana.gov.in पर आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन के दौरान पोर्टल पर संस्थानों की सूची और सीटों की जानकारियां उपलब्ध होगी।
जिले के एनआईटी पांच, ओल्ड फरीदाबाद, मोहना, तिगांव, सिकरोना, पाली स्थित आईटीआई संस्थान में 2274 सीटें हैं। एनआईटी पांच स्थित आईटीआई में विभिन्न संकाय में 856 सीटों पर दाखिले होंगे जबकि ओल्ड फरीदाबाद स्थित महिला आईटीआई में 204 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
सरकारी और निजी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, कोपा, स्टेनो हिंदी, प्लंबर, पेंटर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनर व्यवसायों में दाखिले होंगे। इसके अलावा इलेक्ट्रीशियन, फिटर और कोपा व्यवसायों में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली के तहत शुक्रवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में हेल्प डेस्क बनाई गई हैं, ताकि इससे विद्यार्थियों को आवेदन व ट्रेड चुनने के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं आए।
इन दस्तावेज का रखें ध्यान
ऑनलाइन आवेदन के दौरान विद्यार्थी शैक्षणिक योग्यता, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, आरक्षण, जाति प्रमाण पत्र, परिवार की वार्षिक आमदनी, ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड व अन्य दस्तावेज साथ रखें, जिससे कि दाखिले के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।
30 फीसदी सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित
जिले के आठ आईटीआई में से दो आईटीआई पूरी तरह से लड़कियों के लिए हैं। इसके अलावा अन्य आईटीआई में भी 30 फीसदी सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित हैं। आईटीआई में आठवीं, दसवीं और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए पाठ्यक्रम मौजूद हैं। मालूम हो कि आईटीआई में दाखिले के दौरान छात्राओं को फीस का भुगतान नहीं करना पड़ता है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया आज से शुरू हो जाएगी। विद्यार्थी दस्तावेज एकत्रित कर लें, जिससे कि उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने के दौरान दिक्कत नहीं हो।
-भगत सिंह, प्राचार्य, आईटीआई