नए विकल्पों के आधार पर विद्यार्थियों को मिलेंगे प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया चौथे चरण में पहुंच चुकी है। चौथी और अंतिम मेरिट सूची चार अगस्त को जारी की जाएगी। इससे पहले संस्थान की ओर से बुधवार यानी 30 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी। इससे विद्यार्थियों अपनी पसंद के ट्रेड में दाखिले का एक और अवसर मिलेगा। जो विद्यार्थियों मेरिट सूचियों में दाखिला नहीं ले सकें हैं वे नए विकल्पों के आधार पर प्रवेश ले सकते हैं।
मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी सोमवार यानी चार अगस्त से बृहस्पतिवार तक संस्थान में फिजिकल वेरिफिकेशन करा सकेंगे। इससे पहले विद्यार्थी आईटीआई के पोर्टल पर लॉगइन कर विकल्पों का चयन कर सकेंगे। ट्रेड बदलने का विकल्प केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने पूर्व में आवेदन किया है लेकिन किसी कारणवश उन्हें सीट आवंटित नहीं हुई या वे वर्तमान विकल्प से संतुष्ट नहीं हैं।
सूची में नाम आने वाले विद्यार्थियों के लिए फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 9 अगस्त निर्धारित की गई है। जिन विद्यार्थियों को इस चरण में सीट आवंटित होती है, उन्हें समय पर फीस जमा कराकर प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। समय पर फीस न भरने की स्थिति में आवंटन निरस्त हो जाएगा। जिले के सरकारी और निजी आईटीआई संस्थानों में कुल मिलाकर लगभग 2,200 से अधिक सीटें हैं। इनमें से अब तक 1,200 से अधिक दाखिले हो चुके हैं। फिर भी कुछ ट्रेडों में अभी भी रिक्त सीटें हैं। चौथा चरण अहम माना जा रहा है।
वर्जन
आईटीआई में दाखिले के लिए चौथी सूची चार अगस्त को जारी होगी। इससे पहले विद्यार्थी अपना ट्रेड बदल सकते हैं। इसके आधार पर मेरिट सूची जारी की जाएगी। - संतोष कुमार, महिला आईटीआई प्रभारी।