आईटीआई में चौथे चरण में 8 अगस्त तक होंगे दाखिले, दो-तिहाई सीटें अब भी खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया चौथे चरण में पहुंच गई है। अधिकांश ट्रेडों में अभी भी दो-तिहाई सीटें खाली हैं, जिन्हें भरने के लिए हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दाखिला शेड्यूल में बदलाव करते हुए चौथा चरण जोड़ा है। पहले तीन चरणों में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया निर्धारित थी, लेकिन सीटें खाली रहने के कारण अब चौथे चरण के तहत 8 अगस्त तक दाखिले की अनुमति दी गई है। इस चरण की अंतिम तिथि 9 अगस्त घोषित की गई है।
राजकीय आईटीआई हथीन के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थान में कुल 464 सीटें हैं, जिनमें से अभी भी काफी संख्या में सीटें रिक्त हैं। विभाग का प्रयास है कि अधिकतम सीटें भरकर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपना ऑनलाइन पंजीकरण व दस्तावेज सत्यापन कराकर दाखिला प्रक्रिया पूरी करें।