अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में शनिवार को कई स्थानों पर हुई बारिश के बाद लोगों को रविवार के दिन बारिश की उम्मीद थी। सुबह के समय बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। रविवार को तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने व कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है वहीं मंगलवार को बारिश होने की संभावना अधिक है। सोमवार को तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस व मंगलवार को 28 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। जहां पिछले हफ्ते हुई बारिश के बाद तापमान में कुछ कमी देखने को मिल रही हैं वहीं दूसरी तरफ हल्की सी बारिश व बादल होने के बाद ठीक से बारिश न होने पर लोगों को गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि मानसून अगले हफ्ते से शुरू होगा लेकिन उमस अभी से हो रही है। वहीं कृषि व पशुपालन विभाग की तरफ से मौसम के अनुमान को देखकर कृषि कार्य करने व पालतू पशुओं का मौसम अनुसार ध्यान रखने की सलाह दी गई है। बारिश के दिनों में पशु अधिक बीमार होते हैं। इसको लेकर पशुपालकों को अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।