गोपाष्टमी महोत्सव में की शिरकत
7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक सनातन हिंदू पदयात्रा निकलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे पर स्थित गौ सेवा धाम अस्पताल में गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के अलावा महामंडलेश्वर, मंडलेश्वर और पीठाधीश साधु-संत मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने गोपाष्टमी के पर्व पर लोगों को बधाई देने के अलावा गायों को हरा चारा तथा गुड़ व दलिये का प्रसाद खिलाया। कार्यक्रम में विधायक हरेंद्र रामरतन सहित गांव सौंधड़ के सरपंच तुहीराम ने धीरेंद्र शास्त्री व साधु-संतों का फूल मालाओं से स्वागत किया।
धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू सनातन एकता पर बल देते हुए कहा कि आज जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद व हिंदुत्व को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 7 नवंबर से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक सनातन हिंदू पदयात्रा निकाली जा रही है, जो लोगों को जागरूक करने और विचारों की पदयात्रा होगी।
लोगों को संबोधित करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन धर्म में मो माता की सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है और असहाय, बीमार गायों का इलाज कर उसकी सेवा करना उससे भी महान है, जिसे ब्रजवासी कर रहे हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन को बचाने के लिए सामाजिक समरसता पैदा करनी होगी। जातिवाद और भेदभाव को त्यागकर हिंदू एकता को मजबूत करना ही समय की मांग है। इस अवसर पर हनुमानगढ़ अयोध्या के महंत राजू दास, शनि धाम दिल्ली के महंत दाती जी महाराज, दिगंबर संत मोनी जी महाराज, राधे राधे बापू जी सहित महामंडलेश्वर व महंत मौजूद रहे।