संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके चौक के आगे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को अब यातायात पुलिस की सख्ती का सामना करना पड़ रहा है। पहले चलाए गए अभियान में पुलिस ने नियम तोड़ने वालों को समझाकर और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत देकर छोड़ दिया था। इसके बावजूद लापरवाही जारी रहने पर शुक्रवार को यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार का कहना है कि पहले अभियान चलाकर वाहन चालकों को जागरूक किया गया था। अब चालान की कार्रवाई की जा रही है।