बल्लभगढ़। सेक्टर-25 में स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार शाम को लोहे के भारी एंगल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक की लापरवाही के कारण एक लंबा एंगल पीछे चल रही कार में जा घुसा। कार में सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कार सवार की पहचान सेक्टर-23 संजय कॉलोनी निवासी प्रकाश मुदगल के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।
हादसे में घायल प्रकाश मुदगल सेक्टर-58 औद्योगिक क्षेत्र में एक कैंटीन चलाते हैं। शाम करीब साढ़े 5 बजे वह अपनी कार से कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। जब वह सेक्टर-25 स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। जिसमें लोहे के लंबे एंगल लोड किए हुए थे। चालक ने अचानक एक कंपनी के सामने मोड़ लिया और बिना किसी चेतावनी के अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने के कारण ट्रॉली में रखा लंबा लोहे का एंगल पीछे की ओर खिसक गया और पीछे चल रही उनकी कार के आगे के शीशे को तोड़ता हुआ अंदर घुस गया।
विज्ञापन
इस दौरान कार चला रहे प्रकाश मुदगल के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह घायल हो गए। लोगों ने तुरंत कार के अंदर फंसे घायल व्यक्ति को बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
सेक्टर-58 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल के बेटे रोहित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।