संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत संचालित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ने सीनियर रेजिडेंट सहित शिक्षण संकाय के कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए 11 मार्च 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित करने की घोषणा की है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सीनियर रेजिडेंट (ब्रॉड स्पेशलिटी) के कुल 24 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सामान्य वर्ग के 4, ओबीसी के 7, अनुसूचित जाति के 9, अनुसूचित जनजाति के 2 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 2 पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति एक वर्ष के अनुबंध के आधार पर होगी, जिसे कार्य संतोषजनक रहने पर अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवारों को 11 मार्च को सुबह 9 से 10 बजे के बीच अकादमिक ब्लॉक में रिपोर्ट करना होगा, जहां फैकल्टी रीडिंग हॉल में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।