संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ने विभिन्न व्यापक विशेषज्ञता विभागों में शिक्षण संकाय की भर्ती के लिए 11 मार्च 2026 को साक्षात्कार आयोजित करने की घोषणा की है। इन नियुक्तियों से अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर व त्वरित उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
डीन कार्यालय द्वारा जारी विज्ञापन में जानकारी दी गई है कि प्रोफेसर, सह-प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर के कुल 62 पदों पर अनुबंध के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के लिए होगी, जिसे संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।