बल्लभगढ़। सेक्टर दो निवासी हार्डवेयर व्यापारी आदेश मित्तल हत्याकांड में दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच पूछताछ के लिए बुधवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पकड़े जाने के बाद कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण आरोपियों से पूछताछ नहीं हो पाई थी। पुलिस ने बल्लभगढ़ निवासी राहुल शर्मा और गोहाना सोनीपत निवासी विजय पाराशर से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल व मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है।
हार्डवेयर व्यापारी आदेश मित्तल को 19 अप्रैल को तिगांव निवासी प्लंबर राकेश पाराशर ने साथियों संग मिलकर अगवा कर लिया और पकड़े जाने के डर से उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया था। राहुल और विजय कोरोना संक्रमित होने के कारण पूछताछ से बच गए थे। आरोपियों से पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।