भाई अभिनव के साथ 26 फरवरी को दुबई घूमने गए थे
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के गांव दयालपुर में रहने वाले अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज शुभम बीसला दुबई में फंस गए हैं। 26 फरवरी को वह अपने भाई अभिनव बीसला के साथ दुबई घूमने गए थे। 3 मार्च को उन्हें वापसी के लिए रवाना होना था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में आए तनाव के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित होने से वहां फंस गए।
परिजनों ने बताया कि अभी उड़ान सेवाएं प्रभावित है जल्द ही दोबारा शुरू होंगी तो दोनों वापस आ सकेंगे। हालांकि, दोबारा वह कब से शुरू होंगी, इस पर अब तक कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में परिजन जल्द से जल्द उड़ान सेवाओं पर किसी भी तरह की ताजा जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सुरक्षित हैं दोनों भाई
शुभम के पिता नवीन बीसला ने बताया कि फिलहाल बेहतर खबर यह है कि लगातार शुभम और अभिनव से बात हो रही है। वह दोनों अपनी जगह पर सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि एक दो बार कॉल पर बात भी हुई है, पर कॉलिंग सुविधा पूरी तरह से काम नहीं कर रही है, तो लगातार व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर बात की जा रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि जब तक वह घर नहीं आ जाते हैं, तब तक कुछ चिंता तो रहती ही है।