तारकोल से बनी सड़कों के किनारों को भी पक्का किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर में बढ़ते प्रदूषण और धूल की समस्या को कम करने के लिए नगर निगम ने एक नई योजना तैयार की है। इस योजना के तहत नगर निगम अपने क्षेत्र की 19 प्रमुख सड़कों के दोनों किनारों पर फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग टाइल लगाएगा।
इसका उद्देश्य सड़कों के किनारे खुली मिट्टी को ढकना है, ताकि धूल जमा न हो और हवा में न उड़े। साथ ही, तारकोल से बनी सड़कों के किनारों को भी पक्का किया जाएगा, जिससे सड़कें ज्यादा मजबूत और साफ-सुथरी रहें। इस परियोजना पर नगर निगम लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सर्वे के बाद उठाया जा रहा है, जिसमें मानेसर में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई गई थी। पहले इस योजना को वित्तीय मंजूरी दी जाएगी, फिर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और उसके बाद काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम मानेसर ने सड़कों को बेहतर बनाने और धूल कम करने के लिए अलग-अलग इलाकों में कई कामों की योजना बनाई है। डिवीजन-1 की 9 सड़कों और डिवीजन-2 की 10 सड़कों के किनारों को टाइल लगाकर पक्का किया जाएगा।
इन इलाकों की सड़कों पर लगाई जाएगी इंटरलॉकिंग टाइल
नगर निगम डिवीजन-1 के हयातपुर से गढ़ी रोड पर 1 करोड़ 54 लाख, शिकोहपुर (मुख्य सड़क) 2 करोड़ 82 लाख, भांगरौला से बास रोड 2 करोड़ 82 लाख, पटौदी रोड से ढोरका 4 करोड़ 26 लाख, गढ़ी से हरसरू (सड़क, फुटपाथ, नाला) 2 करोड़ 88 लाख, बामड़ौली (मुख्य सड़क का बाकी काम)1 करोड़ 43 लाख, पटौदी रोड से मेवका 4 करोड़ 56 लाख, हयातपुर से ढाणा रोड 5 करोड़ 21 लाख, किडजी स्कूल से नवादा (नयाशा पेट्रोल पंप तक) 1 करोड़ 22 लाख रुपये खर्च करेगा। डिवीजन-2 में एनएच-48 से नैनवाल 1 करोड़ 5 लाख, कोटा खंडेवला से बार गुर्जर 1 करोड़ 13 लाख, बार गुर्जर से बाबा मोहन राम मंदिर 1 करोड़ 17 लाख, नैनवाल से खाती ढाणी व मुंशी ढाणी 1 करोड़ 19 लाख, कोटा खंडेवला से बाबा मोहन राम मंदिर 1 करोड़ 72 लाख, कोटा खंडेवला से नौरंगपुर 6 करोड़ 40 लाख, एनएच-48 से सहरावन 2 करोड़ 22 लाख, एनएच-48 से कुकड़ौला 1 करोड़ 81 लाख, रामपुरा चौक से नखड़ौला 1 करोड़ 32 लाख मानेसर से कासन (पूरण भगत मंदिर तक) 2 करोड़ 13 लाख खर्च करेगा।
वर्जन
मानेसर नगर निगम क्षेत्र की सड़कों के किनारे फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग टाइल लगाने की योजना बनाई जा रही है। इस काम पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे सड़कों पर चलने वाले लोगों को साफ-सुथरी और बेहतर सुविधा वाली सड़कें मिलेंगी। -
प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम मानेसर