फरीदाबाद। कोरोना महामारी के चलते दिल्ली में सरकार ने वीकेंड पर लॉकडाउन लगा दिया है। इसके कारण शनिवार को बदरपुर बॉर्डर पर कर्फ्यू जैसा माहौल रहा। वहीं सराय बॉर्डर पर बने टोल प्लाजा पर एक भी वाहन नहीं खड़ा था। यहां टोल कर्मी भी मौजूद नहीं थे। टोल के सभी बैरिकेड लगे हुए थे।
बदरपुर बॉर्डर पर दिल्ली में प्रवेश से पहले ही दिल्ली पुलिस व सीआरपीएफ के जवान नाके पर मुस्तैद थे। यहां बैरिकेडिंग के साथ ही सभी वाहनों की गहनता से जांच की जा रही थी। केवल जरूरी सामान ले जाने वाले और स्वास्थ्य व अन्य सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े लोगों को ही उनके आईकार्ड देखने के बाद दिल्ली में जाने की इजाजत थी। बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके साथ ही बॉर्डर से पहले हरियाणा पुलिस के जवान भी अपनी गाड़ियों में गश्त कर रहे थे। थाना सराय प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने नाके लगा रखे हैं। थाना पुलिस लोगों के मास्क के चालान व सुरक्षा की दृष्टि से गश्त कर रही है। सराय टोल प्लाजा के पास उनकी एक पीसीआर वैन लगाई गई है, ताकि लोग टोल के आपस भीड़ न लगाएं।