एचटेट, सेकेंडरी और डीएलएड परीक्षाओं में पारदर्शिता पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था ऐसी हो, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। परीक्षा केंद्र और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्र अलग-अलग रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
इसी कड़ी में बुधवार शाम भिवानी में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों और जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एचटेट, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी और डीएलएड परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। फरीदाबाद की ओर से बल्लभगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी सुशील चौधरी बैठक में शामिल हुए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी अपने अधीन आने वाले विद्यालयों के प्राचार्य, मुख्याध्यापक और प्रवक्ताओं को परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपें। जरूरत पड़ने पर परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों में बदलाव भी जिला शिक्षा अधिकारी के स्तर पर किया जाएगा, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर होगी विभागीय कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा ड्यूटी अनिवार्य होगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी बिना उचित कारण के परीक्षा ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।