अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी की सड़कों की हालत सुधारने के लिए चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे। फरीदाबाद नगर निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास ने बृहस्पतिवार को निगम अधिकारियों के साथ बैठक में सड़कों के गड्ढे भरे जाने की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों से समय सीमा में गड्ढे भरे जाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास ने निर्माणाधीन नालों के कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून में बारिश से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाए। इससे बारिश के दौरान पानी निकासी में कोई समस्या ना आए। वहीं, बैठक में उन्होंने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) विभाग की ओर से निगम क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने सभी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए। चूंकि निगम क्षेत्र में एफएमडी भी कार्य करा रहा है। ऐसे में उन्होंने नगर निगम और एफएमडीए अधिकारियों को किसी कार्य में दोहराव ना होने के भी निर्देश दिए। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा। इस दौरान बैठक में निगम के अतिरिक्त आयुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल, मुख्य अभियंता विवेक गिल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।