- औचक निरीक्षण के दौरान एडीसी ने पानी, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में बुधवार सुबह अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीने के पानी की उपलब्धता, विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं, साफ-सफाई और अस्पताल परिसर की समग्र व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने ओपीडी और आपातकालीन विभाग के आसपास फैली दुर्गंध पर नाराजगी जताई। उन्होंने सिविल सर्जन और सीएमओ को निर्देश दिए कि अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग के भीतर बने शौचालयों की व्यवस्था में बदलाव किया जाए और नए शौचालय परिसर बाहर बनाएं जाएं, ताकि मरीजों और तीमारदारों को दुर्गंध की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना जरूरी है।
एडीसी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कुछ लोगों ने पेयजल, साफ-सफाई और भीड़भाड़ से जुड़ी समस्याएं भी उनके सामने रखीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।