- बैठक में डाक मतपत्र, नामांकन, स्थैतिक निगरानी दल और उड़नदस्ते के गठन पर भी हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विधानसभा आम चुनाव से पहले उपायुक्त ने कैंप ऑफिस कार्यालय में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी ईआरओ को आचार संहिता का समुचित पालन कराने को कहा। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से करवाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने कहा कि विधानसभा आम चुनाव-2024 को जिला प्रशासन तटस्थ होकर निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष करवाने के लिए अधिकारियों को आयोग की हिदायतों के अनुसार सभी गाइड लाइनों का गंभीरता से पालन करना है। उन्होंने मतदान केंद्रों पर समुचित व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया। इस दौरान डाक मतपत्र, नामांकन और स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) और उड़नदस्ते (एफएसटी) के गठन पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही सभी नाकों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी राजनैतिक पार्टियों को सूचित किया जाए कि चुनाव के समय कोई भी प्रत्याशी पोलिंग स्टेशन के 200 मीटर के अन्दर कोई चुनाव कार्यालय स्थापित नहीं करेगा। समीक्षा बैठक में सीईओ जिला परिषद सतबीर मान, एसडीएम फरीदाबाद शिखा अंतिल, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम बड़खल अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।