फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (एनबीए) के तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें आउटकम बेस्ड एजुकेशन विषय पर चर्चा हुई। हरियाणा तकनीकी शिक्षा के महानिदेशक प्रभजोत सिंह ने बताया कि एक अप्रैल के बाद एनबीए प्रत्यायन प्राप्त करने वाले संस्थानों को 5 लाख की प्रोत्साहन राशि तथा प्रत्यायन शुल्क की प्रतिपूर्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही पहले से प्रत्यायित संस्थानों को शुल्क का 50 प्रतिशत वापस किया जाएगा। उन्होंने सरकारी एवं निजी दोनों प्रकार के संस्थानों से गुणवत्ता सुधार और प्रत्यायन के लिए सक्रिय प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रो. संजय अग्रवाल व प्रो. आरवी रंगनाथ ने प्रतिभागियों को प्रोग्राम आउटकम्स, मूल्यांकन प्रक्रियाओं तथा सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (एसएआर) की तैयारी से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यशाला में हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों से 214 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संवाद