नूंह। नूंह जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव बाई में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें घायल हुए 27 वर्षीय युवक अरशद पुत्र कन्ना की इलाज के दौरान मौत हो गई। अरशद अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
24 फरवरी को अरशद अपने परिवार के साथ घर के पास चारा कटवा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लियाकत के बच्चों ने वहां चारा काटने का विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लियाकत के पुत्र कय्यूम, दीनदार, जाहुल हक सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से अरशद और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में अरशद समेत 4-5 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अरशद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे नल्हड़ अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी नरबीर ने बताया, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद