फरीदाबाद। गांव पलवली निवासी ऑटो चालक शीशपाल के चार साल के मासूम योगेश को लावारिस कुत्तों ने दो दिन पहले काट खाया था, इससे उसे दो सौ से ज्यादा टांके आए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके उपचार में दिक्कत आ रही है।
इसके लिए कई हाथ मदद को आगे आए हैं। अब तक बच्चे के इलाज के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल चुकी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिजनों की मदद कर बच्चे की जान बचाने के लिए सोशल मीडिया पर भी गुहार लगाई गई थी। शनिवार शाम तक दो लाख रुपये की आर्थिक मदद परिजनों तक पहुंच चुकी है।
शहर के पूर्व महापौर देवेंद्र भड़ाना ने भी बच्चे की लहूलुहान तस्वीर देख परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मेट्रो अस्पताल पहुंच बच्चे के परिजनों को पचास हजार रुपये की मदद की। साथ ही आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर और आर्थिक मदद करेंगे। फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है। उसे तरल पदार्थ पीना शुरू कर दिया है।