Infection found in 30 people including two health workers, department worried about increased cases of corona after June
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में एक बार फिर कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कोरोना से संक्रमित 30 नए मरीजों की पुष्टि की है। इनमें से स्वास्थ्य विभाग के लैब में कार्यरत दो कर्मचारी भी शामिल हैं। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। जबकि, चार मरीजों को कोरोना से स्वस्थ घोषित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फरीदाबाद में जून के बाद एक साथ इतने मामले बढ़े हैं। ऐसे में दो दिनों में 52 कोरोना के मामले सामने आने से विभाग की चिंता बढ़ गई है। इससे रिकवरी रेट भी घटकर 99.19 फीसदी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सैनिक कॉलोनी से सबसे अधिक कोरोना के सात नए मामले आए हैं। इसके अलावा सेक्टर-9, 11, 14, 15, 16, 37, 45, 46, 86, आदर्श नगर, एनआइटी-5 और लेकवुड सिटी से नए मामले आए हैं। संक्रमण के बढ़ने से सक्रिय मरीजों की संख्या 98 हो गई है। इनमें से 95 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि जबकि तीन का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 3220 लोगों के सैंपल लिए। इनमें से 2987 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं, 983 लोगों को सर्विलांस पर लिया गया है। इनके सैंपल को लैब में जांच के लिए भेजा गया है।
स्वास्थ्य कर्मी भी हो रहे संक्रमित
कोरोना के बढ़ते मामलों से अब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी अछूते नहीं रह रहे हैं। बुधवार को आए मामलों में दो स्वास्थ्य कर्मी हैं। वह विभाग के लैब में काम करते हैं। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही इनके संपर्क में आने वालों को सर्विलांस पर लिया गया है और सभी के सैंपल लिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विदेश से आए दो संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव ने एडवायजरी जारी की। इसके तहत उन्होंने कोविड हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर काल करके कोरोना संबंधी जानकारी जुटा सकते हैं। साथ ही लोग मास्क जरूर पहनें, भीड़भाड़ वाले इलाके से जाने से बचें और सामाजिक दूरी का पालन करें।