365 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य
केशव भारद्वाज
फरीदाबाद। झाड़सेंतली गांव में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए बॉक्सिंग और कुश्ती स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने टेंडर जारी कर दिया है। इससे इस क्षेत्र के खिलाड़ियों को बॉक्सिंग और कुश्ती की अभ्यास और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। एक माह में इसका निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
नगर निगम प्रशासन ने इस स्टेडियम का डिजाइन भी तैयार कर लिया है। यह वातानुकूलित स्टेडियम होगा। इसमें बॉक्सिंग और कुश्ती दोनों की सुविधाएं होंगी। नगर निगम प्रशासन ने इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। 22 सितंबर के बाद निगम इसके निर्माण के लिए कंपनियों के चयन का काम शुरू कर देगा। इस स्टेडियम के
निर्माण से झाड़सेंतली और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले युवाओं को मौका मिलेगा। उन्हें सेक्टर-12 और अन्य निजी अकादमियों में नहीं जाना पड़ेगा। झाड़सेंतली के आस-पास कई गांव हैं, जहां युवा खेलों में रूचि रखते हैं। बॉक्सिंग स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में प्रशिक्षण और अभ्यास का स्थान मिल सकेगा। अभी खिलाड़ियों को खेल अभ्यास के लिए शहर के दूसरे हिस्सों में जाना पड़ता है। स्टेडियम तैयार होने के बाद विशेष रूप से बॉक्सिंग में रुचि रखने वाले युवाओं को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। इसी तरह कुश्ती के दाव-पेंच भी स्थानीय युवा इस इंडोर स्टेडियम में सीखेंगे। यहां दोनों स्पर्धाओंं के बड़े आयोजन भी हो सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से परामर्श लेकर बनाया गया स्टेडियम का डिजाइन
नगर निगम पार्षद मुकेश डागर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से परामर्श लेकर इस इंडोर स्टेडियम का डिजाइन तैयार करवाया गया है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एक-देश से दूसरे देश में खेलों में हिस्सा लेने के लिए जाते रहते हैं। इस वजह से उनकी सलाह ली गई हैै। यहां पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उम्मीद है कि एक माह बाद इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाए। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह सुविधा वार्ड 46 के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक मूलचंद शर्मा की इस स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दिलाने में बड़ी भूमिका रही है।
इंडोर स्टेडियम के लिए टेंडर लगा दिया गया है। इसके निर्माण से खेल प्रतिभाओं को बड़ा फायदा होगा। उम्मीद है कि कंपनी के चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सकेगा।
विवेक गिल, मुख्य अभियंता, नगर निगम