हरियाणा के फरीदाबाद जिले के छांयसा में भारतीय सेना ने मंगलवार को अटल बिहारी वाजपेयी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में 100 ऑक्सीजन बेड के अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया है।
इस अस्पताल का संचालन भारतीय सेना की वेस्टर्न कमांड द्वारा किया जा रहा है। इसमें 65 बेड पुरुषों और 35 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। जल्द ही 35 वेंटीलेटर बेड भी लगाए जाएंगे। वैश्विक महामारी की आपदा कोरोना से निपटने के लिए सेना के अधिकारी और जवान निरंतर कार्य कर रहे हैं।
फरीदाबाद के जिला मजिस्ट्रेट यशपाल यादव ने बताया कि भारतीय सेना ने इस सुविधा को दो सप्ताह अंदर स्थापित किया है। जिला प्रशासन द्वारा कोरोना के मरीजों का इलाज यहां किया जाएगा। अगले 30 दिनों में 100 और बेड यहां लगाए जाएंगे।
इससे पहले 8 मई को अधिकारियों ने सूचित किया था कि भारतीय सेना की पश्चिमी कमान फरीदाबाद में 100-बेड (ऑक्सीजन युक्त) COVID अस्पताल स्थापित कर रही है।
उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फिलहाल 100 बेड की व्यवस्था अटल बिहारी कोविड-19 मेडिकल कॉलेज में की गई है। अस्पताल के लिए 300 ऑक्सीजन गैस के सिलिंडरों की भी व्यवस्था की गई है। यहां 24 घंटे एबुलेंस सेवा, ऑक्सीजन की सुचारु व्यवस्था का संचालन भी अस्पताल परिसर में किया गया है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के साथ-साथ पूरे एनसीआर क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा। अटल बिहारी कोविड-19 मेडिकल कॉलेज में जिला प्रशासन व सेना के सहयोग से यहां अच्छी व्यवस्था की गई है।