आयोजन स्थल के आस-पास से लेकर जिले के बॉर्डर एरिया में पुलिस नाके लगाकर वाहनों की जांच कर रही है
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस की ओर से शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल के आस-पास के एरिया से लेकर जिले के बॉर्डर एरिया में पुलिस नाके लगाकर वाहनों की जांच कर रही है। एसीपी स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में लगभग 2 हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। समारोह स्थल के प्रवेश द्वार पर भी पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम मुख्य अतिथि होंगे। बुधवार को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने समारोह स्थल सेक्टर-12 पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम के चलते पुलिसकर्मियों की लगी ड्यूटी व कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की 4 प्लाटून परेड में शामिल होंगी। जिसमें एक महिला प्लाटून भी होगी। इस दौरान मास पीटी प्रोग्राम व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि फरीदाबाद के साथ लगते दिल्ली के बॉर्डर क्षेत्र बदरपुर, पहलादपुर, शूटिंग रेंज, दुर्गा बिल्डर, इस्माइलपुर बॉर्डर, मांगर चुंगी पर पुलिस के नाके लगाए गये हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के साथ लगते बॉर्डर पर गांव ददसिया, गांव मंझावली यमुना पुल, मोहना, मौजपुर टोल प्लाजा पर नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त शहर में आंतरिक नाके लगाकर भी पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है। इस प्रकार सुरक्षा की दृष्टि से 30 से अधिक नाके लगाये गये हैं।
आज राज 10 बजे से भारी वाहन शहर में नहीं कर सकेंगे प्रवेश
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं। वाहनों को खड़ा करने के लिए थाना सेंट्रल फरीदाबाद के सामने, खेल परिसर के अंदर व टाउन पार्क के साथ तथा इंडियन ऑल कंपनी के सामने मुख्य स्टेज के पीछे 3 स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 14 अगस्त की रात 10 बजे से लेकर 15 अगस्त की दोपहर दो बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस संबंध में यातायात पुलिस की ओर से भी नाके लगाए गए हैं। बल्लभगढ़ व एनआईटी में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। वहां पर भी पर्याप्त संख्या में पुलिस बल नियुक्त किया गया है।
बस स्टैंड, होटलों आदि पर चल रही चेकिंग
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस के थाना व चौकी के पुलिस कर्मचारी बस स्टैंड, होटल, ढाबा, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, साइबर कैफे, धार्मिक स्थलों, मेट्रो स्टेशन, मोबाइल फोन व सिम बेचने वालों की दुकानों पर लगातार चेकिंग कर रहे हैं। अपराध शाखाओं की टीमें भी लगातार चेकिंग कर रही हैं। आमजन से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में डायल 112 व फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129 2227200 पर पुलिस को सूचना दें।