फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर मंगलवार को पहली बैठक ली। इस दौरान उन्होंने क्राइम ब्रांच के साथ सभी जोन के डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी को साइबर कैफे, होटल, धर्मशाला समेत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भीड़भाड़ वाले बाजारों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त ने बैठक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हमें सुरक्षा के दृष्टि से बेहतर तैयारी करनी होगी। हाल के दिनों में विकास दुबे के फरीदाबाद के एक होटल में पनाह लेने की घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला और साइबर कैफे में सीसीटीवी को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। हर आने-जाने वालों की सख्ती से जांच और उसकी पहचान पत्र की जांच करने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, क्राइम यूनिट को बाजार में सक्रिय रहने के लिए कहा है। देर रात वाहन जांच के भी निर्देश दिए गए। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि कोई संदिग्ध दिखे तो उसकी सख्ती से छानबीन करें। इसके अलावा शहर के पीसीओ संचालक और आम लोगों से किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या आदमी दिखने पर पुलिस कंट्रोल को सूचना देने की अपील की गई है।