संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण जिले में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसके कारण लोग खांसी, जुकाम और बुखार जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। खासतौर पर छोटे बच्चों और बुजुर्गों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है, जिससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बीके अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज वायरल संक्रमण से संबंधित लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं। अस्पताल के ओपीडी विभाग में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित अग्रवाल का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है, इसलिए उन्हें विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि मौसम के अनुसार कपड़े पहनें, ठंडी चीजों के सेवन से बचें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।