संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीकरी-प्याला रोड पर जलभराव की समस्या से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात होने के बाद सड़क पर कई दिनों तक पानी जमा रहता है। इससे वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी आसानी से नहीं निकल पाता। कई दिनों तक पानी जमा रहने से सड़क की स्थिति भी खराब हो रही है। सुबह और शाम के समय वाहनों की संख्या बढ़ने पर यहां स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी होने से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय निवासी रनवीर ने बताया कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। लंबे समय तक सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। इससे आसपास रहने वाले लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। सीकरी-प्याला औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी करने वाले सुभाष कॉलोनी निवासी शकील ने बताया कि डयूटी जाते समय परेशानी झेलनी पड़ रही है। हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है।