मिर्जा ग्रुप कंपनी के अधिकारी के निवास पर आयकर का छापा
टीम ने कई अहम दस्तावेज बरामद किए, के मोबाइल और लैपटॉप को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कानपुर में लेदर के जूते बनाने वाली मिर्जा ग्रुप कंपनी के अधिकारी के सेक्टर-21डी स्थित निवास पर बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान टीम ने कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। अधिकारी के मोबाइल और लैपटॉप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। टीम ने करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े की आशंका जताई है। टीम में फरीदाबाद आयकर विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे, फिलहाल देर रात तक जांच जारी है। इस दौरान किसी को भी घर के अंदर जाने व आने की अनुमति नहीं दी गई।
एनआईटी-चार स्थित आयकर आयुक्तालय की इंवेस्टिगेशन विभाग के सूत्रों के अनुसार, सेक्टर-21डी स्थित मकान नंबर 642/643 में कानपुर की मिर्जा ग्रुप कंपनी के अधिकारी रहते है। कंपनी लेदर के जूते और फर्नीचर बनाती है। कंपनी ने करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को कानपुर आयकर विभाग की टीम ने कंपनी के देशभर में स्थित कार्यालयों, कंपनी प्रबंधकों और अधिकारियों के घरों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान घर के बाहर पुलिस का भारी पहरा रहा। ब्यूरो