1 नवंबर को मिलने वाली 2100 रुपये की किस्त नहीं मिल पाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। प्रदेश में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण करवा रही महिलाओं को बड़ा झटका लगा है। अब तक इस योजना में सालाना आय 1 लाख 40 हजार रुपये थीं, लेकिन अब सरकार द्वारा इसकी सीमा घटाकर 1 लाख रुपये सालाना कर दी गई है। ऐसे में बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं जो पहले इस योजना में शामिल थीं, वे पात्रता से बाहर हो गई हैं। अब 1 नवंबर को मिलने वाली किस्त उन्हें नहीं मिल पाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवारों की आय दस्तावेजों में 1 लाख 40 हजार से ऊपर है, जबकि वास्तविक आय इससे कम है। ऐसे में महिलाओं को यह साबित करने में मुश्किल आ रही है कि वे पात्र हैं।
सरकार ने पहले एक नियम बनाया, हम लोगों ने दस्तावेज तैयार किए, फॉर्म जमा किए। अब अचानक आय सीमा घटा दी गई। हमारी आय तो कागजों में ज्यादा दिखाई गई है, पर असल में ऐसा नहीं है। अब हमें किस्त भी नहीं मिलेगी। - निशा गोयल, गृहणी
हम गरीब परिवार से हैं, बेटी की पढ़ाई के लिए यह योजना काफी सहारा थी। अब नियम बदलने से हम इस योजना से बाहर हो गए। यह गलत हुआ है। -राधा देवी, गृहणी