संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ऊंचागांव और हरी विहार क्षेत्र में करीब एक करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने रविवार को ऊंचागांव स्थित गोशाला के पास करीब 56 लाख रुपये की लागत से पांच गलियों में सीवर, पेयजल लाइन और टाइल्स बिछाने के कार्य का शुभारंभ कराया। यह कार्य नगर निगम फरीदाबाद की ओर से कराए जाएंगे।
वहीं हरि विहार की करीब 17 गलियों में 70 लाख रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इन कार्यों से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सीवर, पेयजल और जल निकासी जैसी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। इस दौरान टिपरचंद शर्मा, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश, पूर्व पार्षद दयाचंद यादव, हरप्रसाद गौड़, बुद्धा सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।