केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने किया शुभारंभ, वार्ड-6 और 11 में सड़क-सीवर और जलनिकासी पर जोर
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 और 11 में करीब 43 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत रविवार शाम केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने की। वार्ड-6 स्थित जलघर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपये और वार्ड-11 में करीब 22 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें बरात घर, सड़क, आरसीसी नाले, सीवर लाइन और इंटरलॉकिंग टाइल लगाने समेत अन्य कार्य शामिल हैं। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि शहर में बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनआईटी क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना से सीधे स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसे वर्ष 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात सुधार के लिए रेलवे फाटकों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। वहीं करीब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइनों को भूमिगत करने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति सुरक्षित होने के साथ आंधी-बारिश के दौरान होने वाली बाधाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि क्षेत्र में पहले जलभराव और पेयजल की समस्या प्रमुख थी। जलभराव में सुधार के बाद अब स्वच्छ पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की गलियों को पक्का करने के साथ सड़क, सीवर, पेयजल और जलनिकासी से जुड़े कार्य भी कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में वार्ड-6 की पार्षद गायत्री देवी, वार्ड-11 की पार्षद बबिता भड़ाना, पार्षद प्रतिनिधि संदीप भड़ाना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।