मंत्री राजेश नागर बोले- देश और हरियाणा की सरकार सेवा भाव से काम करने वालों के हाथों में
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव भैंसरावली में शुक्रवार को 48 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। मंत्री राजेश नागर ने विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत हुए इन कार्यों को ग्रामीणों को समर्पित किया। लोकार्पण कार्यक्रम में गांव के बुजुर्गों से नारियल तुड़वाकर विकास कार्यों की शुरुआत कराई गई। विकास कार्यों में बरात घर में टीन शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल, छत निर्माण और मंदिर के परिक्रमा मार्ग सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि देश और हरियाणा की सरकार सेवा भाव से काम करने वालों के हाथों में है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछली व्यवस्थाओं की कमियों को दूर करते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़कों सहित अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की पहली जरूरत होती हैं। आज देश में हाईवे और सड़कों का जाल बिछने से लोगों का आवागमन आसान हुआ है। पहले जिन रास्तों को तय करने में कई घंटे लगते थे, अब वही दूरी कम समय में पूरी हो रही है। इससे व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिला है।
तिगांव क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्य : नागर
मंत्री ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। उन्होंने कहा, मैं आपका भाई और बेटा हूं। जिस तरह पहले आपकी सेवा करता रहा हूं, उसी तरह आगे भी क्षेत्र के लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा। कार्यक्रम में गांव की सरपंच आरती देवी, तिगांव के सरपंच विक्रम, तेज सिंह अधाना, राम सिंह नेताजी महमदपुर, मनोज, शेरू, तेज सिंह, कंचन भाटी, राजवीर, अमित, राजकुमार, महेंद्र पंडित, धर्मपाल, धीरज, टेकचंद, रणबीर, मास्टर प्रदीप, राजेंद्र नंबरदार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।