फरीदाबाद। कोरोना महामारी के दौरान रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंदों की मदद के लिए शुक्रवार को बीके सिविल अस्पताल में बैठक की गई। इसमें गर्भवती महिलाओं व थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए विशेष तौर पर रक्त दाताओं को रक्तदान के लिए आमंत्रित करने का आह्वान किया गया। बैठक मे निर्णय लिया गया की जरूरत के अनुसार रक्तदान शिविर लगाने पर जोर दिया जाए।
बीके सिविल अस्पताल में प्रसव पीड़िताएं जरूरी मेडिकल मदद के लिए पहुंच रही हैं। इस दौरान महिलाओं में रक्त की कमी सामने आ रही है। बैठक में वरिष्ठ मेडिकल अधिकारी डॉ. विकास शर्मा और महावीर इंटरनेशनल के निदेशक व समाज सेवी उमेश अरोड़ा भी शामिल हुए। इस दौरान विधायक सीमा त्रिखा ने डॉ. विकास से रक्त की आवश्यकता के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा जिला अस्पताल के मरीजों व शहर के थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए रक्त की आवश्यकता पर संज्ञान लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 6 से 7 महिलाओं को डिलीवरी के वक्त और लगभग 25 यूनिट थैलेसीमिया बच्चों को लिए रक्त की जरूरत होती है। बैठक में निष्कर्ष निकाला गया कि इस समय किसी के लिए भी ब्लड बैंक या बी के अस्पताल में आकर रक्तदान करना मुश्किल है और डोनर को संक्रमण का खतरा है। ऐसे में समाज के सहयोग से छोटे शिविर लगाकर 20 से 25 यूनिट रक्त एकत्र करने की कोशिश की जाएगी। इस कड़ी में सबसे पहले विधायक सीमा त्रिखा के निवास सेक्टर 21- बी में पहला शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। इसमें रोटरी ब्लड बैंक से दीपक प्रसाद और संतों का गुरुद्वारा ब्लड बैंक का भी सहयोग लिया जाएगा। विधायक सीमा त्रिखा ने कहा की किसी भी नेक कार्य को करने के लिए हमें सबसे पहले खुद को आगे रख कर कार्य करना चाहिए। इसके बाद ही साथियों और सहयोगियों से अपील करनी चाहिए। इसी क्रम में अगला शिविर मिशन जागृति द्वारा रविवार को कम्युनिटी सेंटर डबुआ कॉलोनी लेजर वैली पार्क के पीछे लगाया जाएगा।