लोगों ने कहा, बीमारी फैलने की रहती है आशंका, शिकायत के बाद भी नहीं होता समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-22 में चारों ओर गंदगी, जलभराव और घरों में गंदा पानी आने से निवासी परेशान हैं। इसके अलावा सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं जलने और लावारिस पशुओं व कुत्तों के आतंक से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि कई बार घरों में आने वाले पानी में सीवर का पानी मिल कर आता है, जोकि न तो पीने योग्य होता है और न ही उससे घर का कोई काम कार्य किया जा सकता है। जिससे बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है। ये सब बातें बृहस्पतिवार को सेक्टर के लोगों ने संवाद कार्यक्रम में रखीं और प्रशासन से समाधान की मांग की।
हरजिंदर, प्रवीन, सीमा, कोमल, बिमला, कमलेश, खजानी, सुनीता व अन्य लोगों ने बताया कि सारन रोड से लेकर गुरुद्वारा रोड और डिस्पोजल तक जलभराव होता है। सड़क पर कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। इसके साथ ही सीवर ओवरफ्लो होने के कारण गलियों में गंदा पानी भरा रहता है। जिससे परेशानी होती है। इसके अलावा सड़कों पर स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण लोगों का रात के समय निकलना मुश्किल हो जाता है।
निवासियों ने बताया कि यहां लावारिस पशुओं को कारण लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। सांड लोगों पर हमला कर देते हैंं। कई बार कुत्तों का झुंड लोगों पर हमला कर देता है। इस बारे में कई बार नगर निगम में शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, प्रशासन के सर पर जूं तक नहीं रेंगती। निवासियों का कहना है कि पार्षद केवल हमारे पास वोट मांगने आते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद दोबारा नहीं आते।
इसके साथ ही यहां का पार्क भी बदहाल स्थिति में है। निवासियों कि मांग की यहां एक वार्ड कमेटी का गठन हो। जहां लोग अपनी समस्या रख सकें। लोगों का कहना है कि इन सभी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उम्मीद है कि आपके माध्यम से अधिकारी सुन लें और जल्द इसका समाधान करें।
-
लोगों से बातचीत
वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी भर जाता है। जिससे लोग दुर्घटना के शिकार भी हो जाते हैं। -
बिजेंद्र सिंह, निवासी
घरों में साफ पानी में सीवर का पानी मिलकर आता है। जिससे कोई कार्य नहीं किया जा सकता। बीमारी होने का भी डर बना रहता है। -
सीमा नागर, निवासी
प्रशासन की ओर से एक कमेटी का गठन होना चाहिए जहां लोग अपनी समस्या रख सकें। पार्षद केवल नाम की हैं। सभी कार्य उनके पति देखते हैं। -
प्रवीन गुलाटी, निवासी
लावारिस पशुओं और कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। -
खजानी, निवासी
-
पार्क में टहलने के लिए कोई ट्रैक नहीं है। बरसात के मौसम में पूरे पार्क में कीचड़ हो जाता है। जिससे कोई भी पार्क में नहीं आ पाता।
- कमलेश, निवासी
पार्षद से मिलना होता है तो वो कभी नहीं मिलती हैं। उनका कोई दफ्तर नहीं है। जहां जाकर हम उनसे अपनी शिकायत कर सकें।
- कोमल तेवतिया, निवासी