फरीदाबाद। संजय कालोनी गौंछी इलाके में पुरानी रंजिश में चार बदमाशों ने एक दुकानदार को हथौडे़ से पीट डाला। आरोपियों ने पिस्टल के बल पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जीवन नगर गोंछी निवासी होशियार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पुरानी गाड़ी खरीदने, बेचने का काम करता है। कुछ दिन पहले उसकी योगेश उर्फ भोली, अमित, बेसला, सोनू उर्फ भाहु से कहासुनी हो गई थी। 26 अगस्त रात करीब 11.30 पर वह दुकान से अपने घर जा रहा था। सरकारी स्कूल गौंछी के पास योगेश, अमित, सोनू व अन्य चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। योगेश और भोली ने होशियार पर पिस्टल तान दी। इसके बाद आरोपियों ने रॉड से पैर में चोट मारी। आरोपियों ने लोहे के हथौडे़ व डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर होशियार का बड़ा भाई रमेश, रूप सिंह व पड़ोसी विजय आ गए। इस पर योगेश और भोली ने रूप सिंह की छाती पर पिस्टल लगा दी। भीड़ देखकर सभी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।