फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण में बाधा बने अवैध कब्जों के खिलाफ दूसरे दिन भी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर कार्रवाई गई। इस दौरान तोड़फोड़ दस्ते ने करीब 80 अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। अन्य बचे निर्माणों पर रविवार को कार्रवाई की जाएगी।
बाईपास पर बन रहे एक्सप्रेसवे की राह में जगह-जगह अवैध निर्माण बने हुए हैं। इससे निर्माण में रुकावट आ रही है। हालांकि एचएसवीपी की ओर से समय-समय तोड़फोड़ कार्रवाई की जाती है। प्रेम नगर झुग्गी सेक्टर-17 में पूरी बस्ती बसी हुई थी। सैकड़ों कच्चे-पक्के निर्माण थे। यहां काफी निर्माण मालिकों को आशियाना स्कीम के तहत फ्लैट दिए जा चुके हैं। इसलिए एचएसवीपी ने अवैध निर्माण ध्वस्त कर कब्जा एनएचएआई को दे दिया है। अब यहां एक्सप्रेसवे की सड़क बनाई जाएगी।
अब 26 किलोमीटर लंबी बाईपास पर अधिकतर जगह से अवैध निर्माण तोड़ दिए गए हैं। जहां रह रहे हैं, वहां भी जल्द ही ध्वस्त हो जाएगा। अवैध निर्माण हटने से एक्सप्रेसवे निर्माण में तेजी आएगी। एचएसवीपी के संपदा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि काफी झुग्गीवालों ने सुप्रीम कोर्ट में केस डाला हुआ था। उन सभी को फ्लैट दे दिए गए हैं। बाकी अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। दो दिन चली कार्रवाई के दौरान करीब 300 अवैध निर्माणों को सफाया किया गया। कुछ कब्जे बाकी रह गए हैं उन्हें भी जल्द ढहा दिया जाएगा।