एलआईसी की पेमेंट बताकर आरोपियों ने झांसे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। चालान कटने का लिंक भेज ठगी करने वाले साइबर अपराधियों ने पंजाब संगरूर के बेरोजगार हर्ष गर्ग से टेलीग्राम पर संपर्क किया। आरोपियों ने कहा कि वे एलआईसी की पेमेंट किसी खाते या दुकान के खाते में कराएंगे और इसके बदले 20 प्रतिशत कमीशन देंगे। हर्ष ने अपने दोस्त इलेक्ट्रिक सामान की दुकान चलाने वाले अंश गुप्ता को इस बारे में बताया। जहां पर बिलों का भुगतान भी होता है। आरोपियों ने एलआईसी की पेमेंट कराना बताकर अंश की दुकान के खाते में क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर दी। कमीशन के रुपये रखकर उन्होंने साइबर अपराधियों को ट्रांसफर कर दिए थे।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब संगरूर से आरोपी अंश गुप्ता व हर्ष गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को पेमेंट कंफर्मेशन के लिए अंश ने अपनी ई मेल दी थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को यह शिकायत ओल्ड फरीदाबाद निवासी व्यक्ति ने दी थी। जिसमें कहा गया कि उनके पास कुछ दिन पहले मैसेज आया जिसमें लिंक भी था। ये मैसेज गाड़ी के चालान के बारे में था। व्यस्त होने के चलते शिकायतकर्ता ने मैसेज सही से पढ़े बगैर ही लिंक पर क्लिक किया लेकिन कुछ जानकारी नहीं दिख रही थी। उन्होंने मोबाइल साइड में रख दिया। कुछ देर बाद मोबाइल पर ओटीपी आए और क्रेडिट कार्ड से 55085 रुपये कट गए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने जांच करते हुए अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।