संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से सेक्टर 21 स्थित जीबीएन स्कूल में शुक्रवार को पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला थाना एनआईटी जोन प्रभारी सविता रानी मुख्य अतिथि और अंखीर चौकी प्रभारी एसआई ओमप्रकाश देशवाल विशेष वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत में स्कूल की प्रधानाचार्य निशा शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
इंस्पेक्टर सविता रानी ने बच्चों को बताया साइबर ठगी के दौरान गलती से पैसा खाते से चला गया है को तीस मिनट के भीतर साइबर हैल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें। इससे आपका पैसा सुरक्षित हो जाएगा और पुलिस पैसा वापस दिलाएगी। रास्ते में छेडछाड को अनदेखा ना करें। 112 पर फोन कर पुलिस की मदद मागें। पुलिस की तरफ से आपरेशन मजनू चलाया जाता है जिसमें महिलाओं से छेड़छाड़ की नीयत रखने वालों को पुलिस थाने ले जाती है। साइबर ठगी पर एक बच्चे द्वारा पूछे गए सवाल पर सविता रानी ने बताया फोन पर आए अनजान लिंक पर क्लिक ना करें। बैंक कभी भी फोन पर खाता संबंधी जानकारी नहीं मांगता है। ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए एसआई ओमप्रकाश ने बताया फरीदाबाद पुलिस ने सभी ऑटो पर विशेष नंबर प्लेट लगवाने का अभियान चला रखा है। ऑटो में बैठने से पहले इस विशेष प्लेट का फोटो खींचकर अपने परिजनों के पास भेज दें। प्लेट ऑटो के पीछे और आगे लगी हुई है। इस पर ऑटो चालक का फोटो, ऑटो का नंबर, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी लिखी हुई है। इसका पूरा रिकॉर्ड पुलिस के पास है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर पुलिस कुछ ही मिनटों में ऑटो की तलाश कर लेगी। 18 साल से कम उम्र में वाहन चलाने पर परिजनों का 25 हजार का जुर्माना किया जा सकता है। दुर्घटना होने पर माता- पिता को कैद भी हो सकती है।
-
अमर उजाला के प्रयास को सराहा
कार्यक्रम के दौरान सविता रानी, एसआई ओमप्रकाश सहित स्कूल की प्रधानाचार्य व बच्चों ने अमर उजाला के प्रयास की खूब सराहना की। बच्चों ने कहा इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें वे जानकारी भी मिलती हैं जिनसे वे स्कूल की पढ़ाई के दौरान वंचित रह जाते हैं। प्रिसिंपल निशा शर्मा ने कहा कार्यक्रम के माध्यम से ना केवल छात्रों बल्कि बड़ों को भी काफी कुछ जानने का मौका मिला है। ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता लाने का काम करते हैं।