अस्पताल के आपातकालीन विभाग में 24 घंटे लगाए जाते हैं इंजेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए अब बीके अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भी रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर दो बजे तक इंजेक्शन रूम में यह सेवा उपलब्ध है। अगस्त में 2365 रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए हैं, इनमें बड़ी संख्या में छोटे- छोटे बच्चे शामिल हैं।
कई बार एक ही दिन में एक ही इलाके से कई मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। सुभाष कॉलोनी से अस्पताल पहुंचे एक परिवार ने बताया कि उनकी कॉलोनी में एक ही दिन में पांच लोगों को एक कुत्ते ने काट लिया। इनमें छह साल का एक मासूम कृष्णा भी शामिल है, जिसे अस्पताल में तत्काल रेबीज का इंजेक्शन लगवाना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन की मानें तो रोजाना औसतन 100 मरीज कुत्ते के काटने के अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि अगर किसी को कुत्ता काट ले तो तुरंत अस्पताल पहुंचे और इंजेक्शन लगवाएं। साथ ही, घाव को साबुन और पानी से अच्छे से धोना भी जरूरी है।
नगर निगम की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।