मेहर अनेजा ने स्वर्ण और रजत पदक पर किया कब्जा, सुपर सीनियर महिला वर्ग में चौथे पर रहीं संगीता शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उत्तराखंड के रुड़की में आयोजित तीसरी राष्ट्रीय योगासन खेल चैंपियनशिप में योगासन खिलाड़ी मेहर अनेजा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सब जूनियर-बी (बालिका) वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा आर्टिस्टिक सोलो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
मेहर के आयु वर्ग में देशभर से लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपने उत्कृष्ट संतुलन, लचीलेपन, तकनीकी दक्षता एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। वहीं सुपर सीनियर महिला वर्ग में जिले की संगीता शर्मा ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं माधुरी शर्मा, उर्मिल गौतम एवं योगिता ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व किया। मेहर के कोच श्याम कुमार ने बताया कि मेहर पिछले कई वर्षों से पूरे समर्पण एवं अनुशासन के साथ प्रतिदिन लगभग तीन घंटे योगासन का नियमित अभ्यास करती हैं। उनकी कठिन मेहनत, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता अर्जित की है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में फरीदाबाद टीम के साथ आनंद चौधरी, दीपक देशवाल, अभिनंदन एवं श्वेता अनेजा भी उपस्थित रहे।