फरीदाबाद। कोरोना से बचाव के लिए 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग बृहस्पतिवार से टीकाकरण करा सकेंगे। इसके लिए जिले में 150 सेशन में टीकाकरण की व्यवस्था जिले के 78 मेडिकल संस्थानों में की गई है। वहीं, बुधवार को आयोजित टीकाकरण के दौरान 120 सेशन में 10 हजार 104 लोगों को टीका लगाया। इसमें बुजुर्गों व 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों ने कोरोना बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज ली। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 4266 बुजुर्गों और 5486 बीमार लोगों ने टीका लगवाया है। इसके अलावा 70 स्वास्थ्यकर्मियों ने निजी अस्पतालों में और 81 ने स्वास्थ्य केंद्रों पर टीके की पहली डोज ली है। इसी प्रकार 96 स्वास्थ्यकर्मियों ने दूसरी डोज ली है। वहीं 63 फ्रंटलाइन वर्कर ने पहली और 42 ने कोरोना से बचाव की दूसरी डोज ली है। जिले में 168711 लोगों की टीकाकरण अब तक किया जा चुका है।
कराएं सेल्फ रजिस्ट्रेशन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि लोग को -विन पोर्टल selfregistration.cowin.gov.in पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा आरोग्य सेतू ऐप के माध्मय से भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। सेल्फ रजिस्ट्रेशन से लोग टीकाकरण के लिए अपने पंसद के केंद्र, सुविधा के अनुसार दिन व समय का चुनाव भी कर सकते हैं।
78 स्थायी टीकाकरण केंद्र
स्वास्थ्य विभाग ने 78 स्थायी टीकाकरण केंद्र बनाए हैं। इनमें निजी अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए 150 सेशन चलाए जाएंगे। इनमें नए टीकाकरण केंद्र भी शामिल होंगे। जिनमें स्वास्थ्यकेंद्रों के अलावा जिले के विभिन्न सामुदायाकि केंद्रों एवं इंडस्ट्री में सेशन लगाए जाएंगे।इन केंद्रों पर लगेंगे 24 घंटे टीके
जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार तीन सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे टीका लगाने की सुविधा मिलेगी। इनमें बीके सिविल अस्पताल, सेक्टर 30 स्थित एफआरयू वन व सेक्टर 3 स्थित एफआरयू-2 शामिल हैं। वहीं, पांच निजी अस्पतालों में 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा होगी, जिनमें अर्ष अस्पताल सेक्टर 78, डॉक्टर टुडे एनआईटी 5, पवन अस्पताल सेक्टर 56, संतोष अस्पताल एनआईटी 3, संस्कार मेडिकल सेंटर सेक्टर 28 शामिल है।
34 केंद्रों पर 7 दिन सुबह से शाम तक लगेगा टीका
जिले में 34 स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल ऐसे हैं, जिनमें सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक टीके लगाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में बल्लभगढ़ स्वास्थ्य केंद्र, खेड़ीकलां, कौराली, पाल, तिगांव, मुजेसर व एसजीएम नगर सेक्टर 21 स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। निजी अस्पतालों में मानवता, सुप्रीम, सर्वोदय, गोयल, सूर्या आर्थो व ट्रामा सेंटर, मेडीचैक अस्पताल, नोबेल, अपूर्वा नर्सिंग होम, सेंटर फॉर साइट, नैशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, पार्क अस्पताल, केदार, हांडा मेडिकल सेंटर, आरके अस्पताल, शांतिदेव, एसकेजी, अलफाह अस्पताल, फोर्टिस, क्यूआरजी, एसएसबी, एशियन, मेट्रो, मेडिचैक ऑर्थो, सर्वादय सेक्टर 19, पवन अस्पताल जवाहर कॉलोनी, तेजिंदर सिंह एस्कोर्टर्स चेरीटेबल ट्रस्ट, वेदांता अस्पताल शामिल हैं।
यहां भी हो रहा टीकाकरण
जिले में 36 सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं, जिनमें सोमवार, मंगलवार, गुरुवार व शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक टीकाकरण होगा। इनमें ईएआईसी मेडिकल कॉलेज पीपीसी सेंटर, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, संजय कॉलोनी, सेहतपुर, आदर्श नगर, एसी नगर, एतमादपुर, भारत कॉलोनी, भीम बस्ती, डबुआ कॉलोनी, हरीविहार, मेवला, नंगला, सारन, प्रतापगढ़, शिव दुर्गा विहार, सुभाष कॉलोनी, अनंगपुर, दयालपुर, धौज, छांयसा, फतेहपुर बिल्लोच, फतेहपुर तगा, मोहना, पल्ला, पन्हैडा खुर्द, सीकरी स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा सिविल डिस्पेंसरी सेक्टर 7 व सूरजकुड़ और ईएसआई सेक्टर 8, सेक्टर 27 बी, सेक्टर 19, एनआईटी 5, एनआईटी एक, एनआईटी 2, जवाहर कॉलोनी शामिल हैं।