पार्किंग शुल्क बचाने के चक्कर में सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 में मॉल के बाहर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। लोगों का कहना है वाहन गलत तरीके से खड़ा करने पर आए दिन कहा-सुनी भी होती है लेकिन वाहन चालक बाज नहीं आते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर लाइन से तीन मॉल हैं। तीनों के अंदर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है लेकिन लोग पार्किंग शुल्क बचाने के लिए वाहनों को बाहर सड़क पर ही खड़े कर जाते हैं। खासतौर पर शाम के समय वाहनों की अधिक आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे दफ्तर से घर वापस लौटने वाले लोगों को पहुंचने में देरी होती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को जाम से निजात मिल सके।
वर्जन
हर दिन ऑफिस से लौटते समय मॉल के बाहर जाम में फंस जाते हैं। सड़क पर खड़ी गाड़ियों की वजह से चलने की जगह तक नहीं बचती। पुलिस सिर्फ चालान काटकर रह जाती है, लेकिन स्थायी हल नहीं निकाला गया है।- अजय कुमार, स्थानीय निवासी
मॉल प्रबंधन को चाहिए कि बाहर भी गार्ड तैनात करें और सख्त निर्देश जारी करने चाहिए ताकि बाहर गाड़ियों की लाइन न लगे। - सीमा गुप्ता, स्थानीय निवासी