-फिरोजपुर झिरका में शहर और आसपास के क्षेत्रों में कृषि योग्य भूमि पर चल रहा खेल
-प्रशासन की ढिलाई का जमकर फायदा उठा रहे हैं भूमाफिया
-जिला-नगर योजनाकार विभाग की कार्रवाई नोटिस तक सीमित
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि योग्य भूमि पर अवैध प्लाटिंग का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। बिना नगर पालिका से एनओसी और बिना जिला नगर योजनाकार विभाग से सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) कराए अनियमित कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ सफेदपोश भूमाफिया प्रशासन की ढिलाई का फायदा उठाकर खुलेआम कृषि भूमि को प्लॉटों में तब्दील कर बेच रहे हैं।
गढ़ किले के पास भोंड रोड, बीवां रोड, सुलेला रोड, तिजारा मार्ग, डंपिंग यार्ड के आसपास तथा अनाज मंडी क्षेत्र में बड़े स्तर पर टेंट लगाकर प्लाटिंग का काम किया जा रहा है। इन स्थानों पर जमीनों की खरीद-फरोख्त एग्रीमेंट के आधार पर की जा रही है, जबकि ये कॉलोनियां पूरी तरह अनियमित हैं। लोगों का कहना है कि जिला नगर योजनाकार विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दी गई, लोकेशन और सूची भी सौंपी गई, लेकिन कार्रवाई केवल नोटिस देने तक सीमित रही।
नियमित कॉलोनी का झांसा देकर गाढ़ी कमाई पर डाका
स्थानीय निवासियों के अनुसार, भूमाफिया भोले-भाले लोगों को नियमित कॉलोनी का सपना दिखाकर उनकी जीवन भर की कमाई हड़प रहे हैं। भविष्य में यदि प्रशासनिक कार्रवाई होती भी है तो तब तक कॉलोनाइजर प्लॉट बेचकर गायब हो जाते हैं, जिससे नुकसान केवल खरीदारों को उठाना पड़ता है। यही कारण है कि गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक ठगी का शिकार हो रहा है।
-
तेजी से जारी है निर्माण कार्य
शहर के भोंड गेट के पास वार्ड नंबर 9 के रास्ते, सुलेला मोड़ और अन्य क्षेत्रों में तेजी से निर्माण कार्य जारी है। हैरानी की बात यह है कि इन कॉलोनियों में मकान बन रहे हैं, लेकिन नगर पालिका द्वारा किसी भी भवन निर्माण पर नोटिस जारी नहीं किया गया। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों का तर्क है कि संबंधित क्षेत्रों में धारा 7ए लागू न होने के कारण रजिस्ट्री रोकना संभव नहीं है, जिसका फायदा उठाकर भूमाफिया लगातार जमीनों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
वर्जन
शहर और शहर के आसपास लगातार कुछ लोगों द्वारा अनियमित कॉलोनी को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। अनियमित कॉलोनी में अवैध निर्माण को ढ़ाया जाएगा। जल्द ही शहर के चारों ओर बनी कृषि योग्य भूमि से अवैध निर्माण को गिराने का कार्य किया जाएगा।
बिनेश कुमार, जिला नगर योजनाकार अधिकारी,