संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। क्षेत्र की सड़कों, बिजली के खंभों और निजी व सरकारी इमारतों की दीवारों पर इन दिनों अवैध होर्डिंग्स का जाल बिछा हुआ है। विज्ञापन और सरकारी कार्यक्रमों के नाम पर लगाए गए ये भारी-भरकम बोर्ड न केवल शहर के सौंदर्य को बिगाड़ रहे हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन गए हैं। तेज हवा, आंधी और बारिश के दौरान ये असुरक्षित होर्डिंग्स अक्सर उखड़कर नीचे गिर जाते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। समस्या तब और बढ़ जाती है जब ये होर्डिंग्स पुराने होकर फट जाते हैं और सड़कों पर कचरे के ढेर में बदल जाते हैं, जिससे चारों तरफ गंदगी फैलती है।
इस गंभीर मुद्दे पर नगर निगम का काम बेहद निराशाजनक है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया का कहना है कि शहर में गंदगी फैलने की स्थिति में निगम के कर्मचारी उसे साफ कर देते हैं। वहीं, प्रशासन इन अवैध होर्डिंग्स को लगने से रोकने या सुरक्षा मानकों की जांच करने में पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। मानसून से पहले अगर इन जर्जर होर्डिंग्स को हटाने की ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ी जान-माल की हानि हो सकती है।