फरीदाबाद। भुपानी इलाके में हरियाणा पुलिस के सिपाही ने पत्नी की हत्या कर शव को संदूक में डाल कर नहर में फेंक दिया। आरोपी कई दिनों तक मृतका के परिजनों व पुलिस को गुमराह करता रहा। आरोपी ने परिजनों से कहा था कि पत्नी घर से नाराज होकर चली गई है। मृतका के परिजनों ने भुपानी थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज करा दिया था। आरोपी की हरकतों पर शक होने के बाद क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने 25 अगस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला का खुलासा हुआ।
आरोपी की पहचान बदरपुर सैद निवासी गणेश कुमार के रूप में हुई है। गणेश पलवल पुलिस लाइन में तैनात है। साल 2018 में उसकी शादी गांव बघौला पलवल निवासी सोनम के साथ हुई थी। उनकी एक साल की बेटी है। मृतका के भाई जीतू ने पुलिस को बताया 28 जून को गणेश ने उसे फोन पर कहा कि सोनम मामूली कहासुनी से नाराज होकर रात नौ घर से चली गई। कई दिनों तक परिजन व गणेश खोजबीन में लगे रहे। एक जुलाई को जीतू की शिकायत पर भूपानी थाना पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया। डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेंट्रल को सौंपी।
नहर में फेंका शव
तत्कालीन प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने जांच में पाया कि गणेश की हरकतें सही नहीं हैं। उसके बयान व हकीकत आपस में मेल नहीं खाती। हिरासत में लेकर पूछताछ पर पाया कि आरोपी ने चुन्नी से गला घोंटकर सोनम की हत्या कर दी थी। शव ठिकाने लगाने के लिए संदूक में भरकर कार की डिक्की में रख लिया। इसके बाद संदूक सहित उसे पलवल छज्जूनगर के पास आगरा नहर में फेंक दिया। क्राइम ब्रांच ने कई दिनों तक छज्जूनगर के पास शव की तलाश की लेकिन शव बरामद नहीं कर पाई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। शव की तलाश जारी है।
पहली पत्नी ले चुकी है तलाक-
आरोपी की पहले पत्नी जीआरपी में कार्यरत है। आरोपी की हरकतों से आरोपी से तलाक ले लिया था। इसके बाद दूसरी पत्नी सोनम के साथ रह रहा था। आरोपी ने उसे भी मारकर अपने रास्ते से हटा दिया।