फरीदाबाद। विधानसभा चुनाव के दौरान लगाई गई आचार संहिता का अवैध निर्माण करने वाले जमकर फायदा उठा रहे हैं। आचार संहिता की आड़ में शहर में जमकर अवैध निर्माण हो रहे हैं। कहीं कोई टेंट लगाकर निर्माण कर रहा है तो कहीं टीन की आड़ में निर्माण कार्य चल रहा है। खुलेआम हो रहे अवैध निर्माण के बावजूद नगर निगम आंखें मूंदे बैठा है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लग गई थी। ऐसे में आचार संहिता की आड़ में शहर में अवैध निर्माण की बाढ़ सी आ गई। शहर के हर तरफ अवैध निर्माण हो रहे हैं, मगर निगम अधिकारी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। एनआईटी एक, दो, तीन और पांच में तो नियमों को दरकिनार कर धड़ाधड़ बेसमेंट खोदी गई हैं और अब वहां निर्माण कार्य चल रहा है। नगर निगम की आंखों में धूल झोंकने के लिए निर्माणकर्ता निर्माण कार्य को टेंट के पीछे तो कहीं टीन और तिरपाल की आड़ में छिपा रखा है। नीलम-रेलवे रोड पर एनआईटी थाने के आसपास और एनआईटी एक नंबर मार्केट में खुलेआम अवैध निर्माण हो रहे हैं। मगर निगम अधिकारियों का उस तरफ कोई ध्यान नहीं है। नगर निगम के तोड़फोड़ विभाग के कार्यकारी अभियंता ओमबीर सिंह का कहना है कि चुनाव के बाद जहां भी अवैध निर्माण हो रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।