जाम के कारण लोगों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के सबसे व्यस्त चौराहे जिसमें मेट्रो मोड़, बीके चौक और नीलम चौक पर ट्रैफिक नियमों का पालन न किए जाने से यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। इन स्थानों पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन चलाते नजर आते हैं, जिससे आम लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि इन चौराहों पर सबसे ज्यादा समस्या गलत दिशा से आने वाले वाहनों की है। कई वाहन चालक समय बचाने के चक्कर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर विपरीत दिशा में वाहन चलाते हैं। इससे सड़क पर अव्यवस्था बढ़ जाती है और दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बनी रहती है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई की जाती है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में खास सुधार नहीं देखा जा रहा है। जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो चौराहे आने वाले समय में दुर्घटनाओं का केंद्र बन सकते हैं।
इस समस्या को लेकर लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत किया जाए, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती हो और सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जाए।
यहां हर दिन गलत दिशा में वाहन चलने से जाम लग जाता है, प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -कमल सिंह, यात्री
लोग जल्दी पहुंचने के लिए नियम तोड़ते हैं, लेकिन इससे बाकी लोगों को काफी परेशानी होती है। - विकास, राहगीर
सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जब भारी ट्रैफिक के बीच नियमों की अनदेखी ज्यादा देखने को मिलती है। - नवीन, दुकानदार