डीसी ने प्रमुख बरसाती नालों की सफाई कार्यों का लिया जायजा, कई प्रमुख नालों में गाद, प्लास्टिक कचरा और झाड़ियां मिलीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानसून से पूर्व संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने सोमवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्रमुख बरसाती पानी के नालों के सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई प्रमुख नालों में भारी मात्रा में गाद, प्लास्टिक कचरा, झाड़ियां एवं अन्य रुकावटें मिलीं। उन्होंने अधिकारियों से सफाई कार्य में केवल औपचारिकता न निभाकर गंभीरता से कार्य के आदेश दिए। इस दौरान उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मानसून की बारिश में जलभराव हुआ तो अधिकारी उत्तरादायी होंगे।
जिला उपायुक्त विक्रम सिंह के दौरे के दौरान उनके साथ नगर निगम, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्हाेंने मानसून की पहली बारिश से पहले सभी सफाई एवं मरम्मत कार्य पूर्ण होने की समीक्षा करते हुए जायजा लिया।
विक्रम सिंह सबसे पहले बड़खल मोड़ बुद्ध कॉलोनी सेक्टर-27 के बरसाती नाले को देखने पहुंचे। यहां उन्होंने बन रहे मैनहोल का जायजा लिया। उन्होंने मैनहोल का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी मैनहोल को कवर किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी दुर्घटना न हो।
इसके बाद उपायुक्त ने बुढ़िया नाले पर स्थित ओल्ड मुगल ब्रिज, सेक्टर-33 बाईपास रोड नाला पुल, अलीपुर तिलोरी खादरपुर नाला और हरि विहार सुभाष कॉलोनी क्षेत्र में स्थित बरसाती नाले का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों की गहराई, चौड़ाई और पानी की निकासी की गति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर भारी मात्रा में गाद, प्लास्टिक कचरा, झाड़ियां एवं अन्य रुकावटें मौजूद हैं, जो जल निकासी को बाधित कर सकती हैं।
युद्धस्तर पर नालों की सफाई के दिए निर्देश
डीसी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्य प्रगति की नियमित जानकारी उन्हें देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि वे स्वयं सफाई कार्यों की निगरानी करें और जैसे ही कोई नाला पूरी तरह से साफ हो, उसकी रिपोर्ट तुरंत प्रशासन को सौंपी जाए।
-
नालों पर अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
उपायुक्त ने आदेश दिए कि शहर में जिन स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण किया गया है, उन्हें तुरंत चिह्नित कर हटाया जाए, जिससे सफाई कार्य बाधित न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे नालों के ऊपर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि फरीदाबाद को जलभराव की समस्या से मुक्त किया जा सके और आम नागरिकों को राहत मिले।